इंस्टा ग्रुप में रची गई खौफनाक साजिश: छत्तीसगढ़ की इन्फ्लुएंसर को किडनैप-गैंगरेप की धमकी, चैट लीक होते ही 5 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की कंटेंट क्रिएटर निवेदिता मंडावी को सोशल मीडिया पर अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म की धमकी मिलने का गंभीर मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम के एक कथित ‘नशा मुक्ति’ ग्रुप में कुछ युवकों द्वारा उनकी फोटो शेयर कर आपत्तिजनक टिप्पणियां और आपराधिक साजिश रचने की बात सामने आई। लीक हुई चैट्स जब निवेदिता तक पहुंचीं, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ।
बताया जा रहा है कि निवेदिता के पिता पुलिस विभाग में DSP पद पर पदस्थ हैं। घटना के बाद उन्होंने खुद एक वीडियो जारी कर पूरी जानकारी साझा की, जिसमें वे भावुक नजर आईं।
मामले ने सोशल मीडिया पर तूल पकड़ लिया है। बड़ी संख्या में लोग निवेदिता के समर्थन में सामने आए हैं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
निवेदिता के परिजनों के अनुसार, इस मामले में केशकाल थाने में FIR दर्ज कराई गई थी। जांच के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ये सभी आरोपी केशकाल, भानुप्रतापपुर और कोंडागांव क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने इंस्टाग्राम ग्रुप बनाकर न केवल अश्लील और अभद्र टिप्पणियां कीं, बल्कि अपहरण और गैंगरेप जैसी गंभीर साजिश की बातें भी चैट में लिखीं। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट और अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश है और सोशल मीडिया पर लगातार यह मांग उठ रही है कि ऐसे अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।



