छत्तीसगढ़
Trending

क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी ने संभाला पदभार, 50 करोड़ की सौर ऊर्जा परियोजनाओं का लोकार्पण व भूमिपूजन

रायपुर, 06 अप्रैल 2025 – छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) के नव नियुक्त अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी ने आज विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

पदभार ग्रहण के उपरांत मुख्यमंत्री व विधानसभा अध्यक्ष द्वारा 50 करोड़ रुपये लागत की विभिन्न सौर ऊर्जा आधारित परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इनमें सौर संचालित बैटरी स्वैपिंग स्टेशन, सोलर पैनल युक्त ई-रिक्शा सहित अन्य परियोजनाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने उद्बोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ में ऊर्जा क्षेत्र में अभूतपूर्व निवेश हुआ है, जो तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक का है। उन्होंने कहा कि राज्य को सौर ऊर्जा एक वरदान के रूप में मिली है और इसे आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की दिशा में उपयोग किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने क्रेडा की टीम की भी सराहना की।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि देश ने 2030 तक 500 गीगावाट अक्षय ऊर्जा के लक्ष्य को रखा है और छत्तीसगढ़ इसमें अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने जल विद्युत, परमाणु ऊर्जा और सौर ऊर्जा में राज्य की बढ़ती भागीदारी को रेखांकित किया।

भूपेन्द्र सवन्नी ने अपने वक्तव्य में मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वे इस दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाएंगे और छत्तीसगढ़ को अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाएंगे।

क्रेडा के सीईओ राजेश सिंह राणा ने बताया कि बैटरी स्वैपिंग स्टेशन पायलट प्रोजेक्ट के रूप में विकसित किया गया है, जिससे ई-रिक्शा चालक कम समय में बैटरी बदलकर अधिक दूरी तय कर सकेंगे और उनकी आय में वृद्धि होगी।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, धरमलाल कौशिक, मंत्रीगण रामविचार नेताम, केदार कश्यप, विधायकगण सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, गुरु खुशवंत साहेब, संपत अग्रवाल एवं विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।

समारोह के अंत में सीईओ राजेश सिंह राणा ने सभी अतिथियों व आमजन का आभार व्यक्त किया।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button