छत्तीसगढ़

CG में गाय पर सियासी संग्राम: कांग्रेस का आरोप– 5 लाख गाय गायब, तस्करी का शक, समोदा में 40 की मौत से मचा बवाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गायों को लेकर सियासत तेज हो गई है। सड़कों से लेकर गौशालाओं तक गायों की मौत के मुद्दे पर कांग्रेस ने बड़ा हमला बोला है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने सोमवार को प्रेसवार्ता कर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि छत्तीसगढ़ से करीब 5 लाख गायें गायब हो गईं

बैज ने सवाल उठाया कि आखिर ये गायें कहां गईं और इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? उन्होंने आरोप लगाया कि बीते दो सालों में राज्य में गायों की तस्करी तेजी से बढ़ी है और भाजपा नेताओं की इसमें संलिप्तता हो सकती है। उन्होंने पूछा कि गौ रक्षक संगठन आखिर कहां हैं और तस्करी पर रोक क्यों नहीं लगा पा रहे?

भाजपा पर तीखा वार

पीसीसी चीफ बैज ने कहा कि भाजपा गौ माता के नाम पर केवल राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि पौने दो साल में ढाई हजार से अधिक गायें भूख, एक्सीडेंट और जहरीली चीजों से मर चुकी हैं। कांग्रेस नेता ने बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद पर भी सवाल उठाए और कहा कि जब गौवंश मर रहे हैं तो ये संगठन खामोश क्यों हैं।

कांग्रेस की जांच कमेटी गठित

दीपक बैज ने बताया कि समोदा गांव में 3 दिनों के भीतर 40 गायों की मौत हुई है। वहीं खरोरा और गुल्लू गांव में भी चारे की कमी से गायों के मरने की खबर है। कांग्रेस ने इन घटनाओं की जांच के लिए अपनी कमेटी गठित की है। उन्होंने आरोप लगाया कि मृत गायों के शव खुले में फेंक दिए गए, जिससे स्थिति और भयावह हो गई।

भाजपा पर संरक्षण देने का आरोप

बैज ने दावा किया कि गायों की तस्करी भाजपा सरकार और उसके संरक्षण में हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान 10 हजार गौठान बनाए गए थे, लेकिन भाजपा ने उन्हें बंद कर दिया। अब जरूरत है कि भाजपा इन गौठानों को फिर से चालू करे और गौवंशों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाए।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button