छत्तीसगढ़
Trending

भ्रष्टाचार का पर्दाफाश: अम्बिकापुर हाउसिंग बोर्ड में 65 हजार की रिश्वत लेते उपायुक्त और वरिष्ठ सहायक ट्रैप में गिरफ्तार

अम्बिकापुर, 05 फ़रवरी 2026। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल वृत्त अम्बिकापुर में रिश्वतखोरी का गंभीर मामला सामने आया है। एंटी करप्शन ब्यूरो की ट्रैप कार्रवाई में उपायुक्त (अधीक्षण अभियंता) पूनम चन्द अग्रवाल और वरिष्ठ सहायक ग्रेड-02 अनिल सिन्हा को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रवि कुमार ठेकेदारी का कार्य करता है। वर्ष 2023 में उसके द्वारा हाउसिंग बोर्ड संभाग अम्बिकापुर से नवीन तहसील भवन दौरा कुचली, जिला बलरामपुर (65 लाख रुपये) एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय लुण्ड्रा में 6 अतिरिक्त कक्ष निर्माण (43.51 लाख रुपये) के कार्य कराए गए थे। कार्य पूर्ण होने के बावजूद अंतिम समयावृद्धि और भौतिक सत्यापन के अभाव में भुगतान लंबित था।

निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद तहसील भवन के लगभग 28 लाख रुपये तथा विद्यालय भवन के लगभग 7.50 लाख रुपये का भुगतान होना था। आरोप है कि इन दोनों कार्यों के भौतिक सत्यापन एवं अंतिम समयावृद्धि की अनुशंसा करने के एवज में उपायुक्त पूनम चन्द अग्रवाल ने एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की।

शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा दोनों कार्यों के लिए 30-30 हजार रुपये, कुल 60 हजार रुपये रिश्वत लेने पर सहमति दी गई। इसके बाद 5 फरवरी 2026 को ट्रैप कार्रवाई आयोजित की गई। कार्रवाई के दौरान उपायुक्त ने रिश्वत की राशि वरिष्ठ सहायक ग्रेड-02 अनिल सिन्हा को देने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ सहायक अनिल सिन्हा ने 60 हजार रुपये के बजाय 70 हजार रुपये की मांग की और अंततः 65 हजार रुपये लेने पर सहमति बनी। ट्रैप दल द्वारा अतिरिक्त 5 हजार रुपये शामिल कर पंचनामा तैयार किया गया। वरिष्ठ सहायक ने 65 हजार रुपये प्राप्त कर 5 हजार रुपये अपने पास रखे और शेष 60 हजार रुपये उपायुक्त को उनके कार्यालय कक्ष में जाकर सौंप दिए।

प्रार्थी के संकेत पर ट्रैप दल ने कार्रवाई करते हुए उपायुक्त पूनम चन्द अग्रवाल से 60 हजार रुपये तथा वरिष्ठ सहायक अनिल सिन्हा से 5 हजार रुपये बरामद कर जब्त किए।

दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 एवं 12 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

आरोपी:

  • पूनम चन्द अग्रवाल, उपायुक्त (अधीक्षण अभियंता)
  • अनिल सिन्हा, वरिष्ठ सहायक ग्रेड-02

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button