छत्तीसगढ़
Trending

रेत माफिया से भिड़ते हुए गई आरक्षक की जान, पत्नी को मिला 1 करोड़ का बीमा—सरकारी योजना से परिवार को बड़ी राहत

बलरामपुर (बिलासपुर)
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में शहीद आरक्षक शिवबचन सिंह की पत्नी वर्षा रानी सिंह को राज्य सरकार की ‘पुलिस सैलरी पैकेज’ योजना के तहत 1 करोड़ रुपए का जीवन बीमा लाभ दिया गया। यह राशि भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के अधिकारियों और पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर की मौजूदगी में परिजनों को सौंपी गई।

आरक्षक शिवबचन सिंह थाना सनावल में पदस्थ थे। 12 मई 2025 की रात करीब 1:30 बजे वे अवैध रेत तस्करी रोकने की कार्रवाई में जुटे थे। इसी दौरान झारखंड से आए तस्करों ने उन्हें ट्रैक्टर से टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें रामानुजगंज के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

योजना से मिला बड़ा सहारा

छत्तीसगढ़ सरकार की ‘पुलिस सैलरी पैकेज’ योजना पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के लिए आर्थिक सुरक्षा का मजबूत माध्यम बन रही है। इस योजना के तहत SBI में वेतन खाता रखने वाले पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान दुर्घटना में मृत्यु होने पर 1 करोड़ रुपए और सामान्य मृत्यु की स्थिति में 10 लाख रुपए का बीमा कवर मिलता है।

अधिकारियों की मौजूदगी में सौंपा चेक

बीमा राशि का चेक SBI के क्षेत्रीय प्रबंधक सहित अन्य बैंक अधिकारियों ने परिजनों को सौंपा। इस दौरान पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने बैंक का आभार जताते हुए कहा कि यह योजना कठिन परिस्थितियों में पुलिस परिवारों को संबल देती है।

कर्मचारियों से जुड़ने की अपील

पुलिस अधीक्षक ने विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारियों से अपील की कि वे इस निःशुल्क योजना से जुड़ें, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में उनके परिवार को आर्थिक सुरक्षा मिल सके।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button