छत्तीसगढ़
Trending

कलेक्टर का धान खरीदी केंद्रों पर छापा: अधिक तौल पर चिखलाकसा केंद्र प्रबंधक को नोटिस, व्यवस्थाओं में सख्ती

रायपुर, 19 दिसंबर 2025।समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को पारदर्शी, निष्पक्ष और किसान हितैषी बनाए रखने के निर्देशों के तहत बालोद कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने डौण्डीलोहरा और डौण्डी विकासखंड के कई धान खरीदी केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गैंजी, चिखलाकसा, कोटागांव, भर्रीटोला और घोटिया केंद्रों की व्यवस्थाओं, दस्तावेजों और पंजी संधारण की गहन जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान चिखलाकसा धान खरीदी केंद्र में गंभीर अनियमितता सामने आई। मौके पर तौल कराए गए चार बोरों में धान निर्धारित मानक 40.680 किलोग्राम से अधिक, लगभग 41 किलोग्राम पाया गया। इस पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताते हुए समिति प्रबंधक भगवान सिंह ठाकुर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान खरीदी में किसी भी तरह की लापरवाही या नियम उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कलेक्टर ने रकबा समर्पण और सत्यापन पर विशेष जोर देते हुए गैंजी केंद्र में एक टोकन वाले किसानों, 2 एकड़ से अधिक और 10 एकड़ से अधिक रकबा रखने वाले किसानों की स्थिति की समीक्षा की। किसान दीपक यामले से चर्चा के दौरान घर में शेष लगभग 130 क्विंटल धान होने की जानकारी मिलने पर ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, पटवारी और संबंधित अधिकारियों की संयुक्त टीम को भौतिक सत्यापन के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण में गुणवत्ता और नमी जांच को लेकर भी सख्ती दिखाई गई। कलेक्टर ने नमी मापक यंत्र से अनिवार्य जांच के निर्देश देते हुए किसानों से केवल साफ-सुथरा और गुणवत्तायुक्त धान ही बिक्री के लिए लाने की अपील की।

चिखलाकसा केंद्र में नोडल अधिकारी, समिति प्रबंधक और निगरानी समिति को निर्देश दिए गए कि वे प्रतिदिन सुबह अनिवार्य रूप से केंद्र में उपस्थित रहें। डबल टोकन की स्थिति में रकबा सत्यापन के बाद ही धान खरीदी करने, किसानों की संख्या, कुल खरीदी मात्रा और पिछले वर्ष की औसत से तुलना की नियमित समीक्षा के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किसानों से सीधे संवाद कर फीडबैक लिया, जिसके बाद कई किसानों ने मौके पर ही शेष रकबे का समर्पण किया।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button