“CM योगी आदित्यनाथ असली हिंदू नहीं”… छत्तीसगढ़ दौरे पर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने किया बड़ा खुलासा

बिलासपुर, 18 मार्च 2026: छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर बड़ा बयान दिया है। शंकराचार्य ने कहा कि मुख्यमंत्री को असली हिंदू साबित करने के लिए 40 दिन का समय दिया गया था, लेकिन वे इसे साबित नहीं कर पाए। उन्होंने साफ कहा, “अब प्रमाणित हो गया कि वे असली हिंदू नहीं हैं।”
शंकराचार्य ने आगे कहा कि कई नेता केवल वोट लेने की नियत से हिन्दुओं के मुद्दों का प्रचार करते हैं, लेकिन असली काम करने का इरादा नहीं रखते। उन्होंने गौ माता की वर्तमान हालत का हवाला देते हुए कहा कि कथनी और करनी में भारी अंतर है। मंच पर बयान कुछ और दिखाते हैं, लेकिन धरातल पर स्थिति बिल्कुल अलग है।
सत्तारूढ़ पार्टियों पर निशाना साधते हुए शंकराचार्य ने आरोप लगाया कि उनकी आवाज को दबाने के लिए हिस्ट्रीशीटरों का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि सनातन धर्म असुरक्षा में है, और खतरा उन कालनेमियों से है जो सनातन में घुल मिल रहे हैं।
शंकराचार्य ने सत्ता के करीब रहने वाले संतों पर भी तीखा प्रहार किया और कहा कि संत केवल सत्य के करीब होने चाहिए, सत्ता के करीब नहीं। उन्होंने UPSC और UGC के नए कानूनों पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि ये हिंदुओं को बांटने वाले हैं और इनका क्रियान्वयन कभी नहीं होना चाहिए।



