CM विष्णुदेव साय ने ‘मन की बात’ सुनी जनप्रतिनिधियों संग, पीएम मोदी के स्वदेशी–स्वास्थ्य–राष्ट्र निर्माण संदेश से गूंजा छत्तीसगढ़

रायपुर, 28 दिसंबर 2025।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी स्थित मुख्यमंत्री निवास में जनप्रतिनिधियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 129वीं कड़ी का सामूहिक श्रवण किया। इस अवसर पर सांसद संतोष पाण्डेय, विधायक प्रबोध मिंज और विधायक पुरंदर मिश्रा भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वर्ष के अंतिम ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने स्वदेशी उत्पादों को अपनाने, देश में बने सामान के उपयोग, स्वास्थ्य के प्रति सजगता और राष्ट्र निर्माण जैसे अहम विषयों पर देशवासियों को प्रेरित किया। उन्होंने विशेष रूप से बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक दवाओं के सेवन से बचने का संदेश बेहद महत्वपूर्ण बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ में कहा कि 2025 भारत के लिए उपलब्धियों से भरा गौरवशाली वर्ष रहा है। उन्होंने देश की सुरक्षा, खेल, विज्ञान, अंतरिक्ष अनुसंधान, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत के क्षेत्र में भारत की ऐतिहासिक प्रगति को रेखांकित किया।
उन्होंने खिलाड़ियों, पैरा-एथलीटों और युवाओं के नवाचारों की भी सराहना की तथा स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन जैसे मंचों को देश के भविष्य के लिए मील का पत्थर बताया।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने मणिपुर के युवा मोइरांगथेम सेठ के सौर ऊर्जा से जुड़े प्रयासों का उल्लेख करते हुए ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ की जानकारी दी। साथ ही ओडिशा की स्वतंत्रता सेनानी पार्वती गिरि को नमन करते हुए समाज सेवा और त्याग की भावना को अपनाने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने आईसीएमआर की रिपोर्ट का हवाला देते हुए एंटीबायोटिक दवाओं के अत्यधिक और गलत इस्तेमाल पर चिंता जताई और नागरिकों से डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही दवाएं लेने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के तहत स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देते हुए देशवासियों को वर्ष 2026 के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ‘मन की बात’ देश को जोड़ने वाला और सकारात्मक ऊर्जा से भरने वाला कार्यक्रम है, जो हर नागरिक को राष्ट्र निर्माण से जोड़ता है और जिसकी हर कड़ी नई प्रेरणा देती है।



