बड़ादेव पूजा में शामिल हुए CM विष्णुदेव साय : वीर नारायण सिंह और रानी दुर्गावती की प्रतिमाओं का अनावरण

रायपुर, 23 मार्च 2026।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम ओड़ान में आयोजित बड़ादेव स्थापना कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गोंड समाज के पवित्र स्थल पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के पारंपरिक और आध्यात्मिक आयोजन हमारी संस्कृति, आस्था और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम में CM साय ने छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीर नारायण सिंह और वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमाओं का अनावरण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि वीर नारायण सिंह ने 1857 का प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष का नेतृत्व किया और उनका बलिदान आज भी प्रेरणा देता है।

वहीं रानी दुर्गावती के साहस और स्वाभिमान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने मुगल सेना के सामने आत्मसमर्पण करने के बजाय रणभूमि में वीरगति प्राप्त कर मातृभूमि के प्रति अद्वितीय समर्पण दिखाया।
इस अवसर पर सांसद कमलेश जांगड़े, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक संदीप साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



