छत्तीसगढ़
Trending

CM विष्णु देव साय ने जन्मदिन पर किया रक्तदान शिविर का शुभारंभ: 62 यूनिट रक्त संग्रह, युवाओं से साल में एक बार रक्तदान की अपील

रायपुर, 21 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने 62वें जन्मदिन के अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना की तथा रक्तदाताओं को सम्मानित कर उन्हें प्रोत्साहित किया। जन्मदिन के मौके पर अल्फा ग्लोब फाउंडेशन और शिवनाथ ब्लड सेंटर द्वारा 62 लोगों के रक्तदान की विशेष व्यवस्था की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्तदान महादान है और यह मानवता की सच्ची सेवा है। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं, प्रसव एवं गंभीर बीमारियों के दौरान जब मरीजों को रक्त की आवश्यकता पड़ती है, तब रक्तदान मरीजों के जीवन में नई आशा का संचार करता है। शिविर में रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर वे या उनके परिजन निःशुल्क रक्त प्राप्त कर सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि संस्था द्वारा एक वर्ष में लगभग 11 हजार यूनिट रक्त संग्रह का संकल्प लिया गया है तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न ब्लड बैंकों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। इस अवसर पर सुरक्षित यातायात जागरूकता अभियान का भी आयोजन किया गया।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से वर्ष में कम से कम एक बार रक्तदान करने और सड़क यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने सभी रक्तदाताओं, आयोजकों, चिकित्सक दल एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शिविर की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सीजीएमएससी के चेयरमैन दीपक म्हस्के, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, पी. दयानंद, डॉ. बसवराजु एस सहित वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और अल्फा ग्लोब फाउंडेशन की संचालक डॉ. पूनम अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में रक्तदाता उपस्थित रहे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button