छत्तीसगढ़रायपुर
Trending

CM SCHEDULE : अम्बिकापुर में सरगुजा ओलंपिक 2026 का शुभारंभ, सूरजपुर में कुदरगढ़ महोत्सव में 185 करोड़ के विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण, देखें पूरा शेड्यूल…

रायपुर, 21 मार्च 2026/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 21 मार्च को सरगुजा और सूरजपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। वे सरगुजा जिले के मुख्यालय अम्बिकापुर में आयोजित ‘सरगुजा ओलंपिक 2026’ और ‘राज्य स्तरीय तिलहन-किसान मेला 2026’ का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद सूरजपुर जिले के कुदरगढ़ में आयोजित ‘कुदरगढ़ महोत्सव 2026’ का शुभारंभ करेंगे।

मुख्यमंत्री सुबह 10.30 बजे रायपुर के पुलिस ग्राउंड हेलीपेड से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होंगे और 11.50 बजे अम्बिकापुर पहुंचेंगे। दोपहर 12 बजे सरगुजा ओलंपिक 2026 का उद्घाटन पीजी कॉलेज ग्राउंड में किया जाएगा। यह ओलंपिक 21 से 23 मार्च तक आयोजित होगा, जिसमें 12 खेल विधाओं में सरगुजा संभाग के 2000 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। विजेता खिलाड़ियों को राज्य की खेल अकादमियों में सीधे प्रवेश मिलेगा और उन्हें युथ आइकॉन के रूप में सम्मानित किया जाएगा।

ओलंपिक में कबड्डी, खो-खो, तीरंदाजी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी, कुश्ती, दौड़, बैडमिंटन और रस्साकसी जैसी खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं होंगी।

मुख्यमंत्री ओलंपिक के बाद दोपहर 1.40 बजे अम्बिकापुर के राजमोहिनी देवी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र में तिलहन मेला-किसान मेला 2026 का उद्घाटन करेंगे। यह मेला नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल-ऑयलसीड्स के अंतर्गत कृषि विभाग और इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित किया जा रहा है।

कुदरगढ़ महोत्सव में 185 करोड़ के 76 विकास कार्य होंगे समर्पित

मुख्यमंत्री मेले के उद्घाटन के बाद 2.40 बजे हेलीकॉप्टर से सूरजपुर के ओड़गी विकासखंड के ग्राम कुदरगढ़ पहुंचेंगे और कुदरगढ़ महोत्सव 2026 का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जिलेवासियों को 185 करोड़ 10 लाख रुपए की लागत के 76 विकास कार्यों की सौगात देंगे। इनमें से 52 विकास कार्यों का लोकार्पण और 24 कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री साय कुदरगढ़ से शाम 4.20 बजे रवाना होकर 5.35 बजे रायपुर लौट आएंगे।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button