कर्रेझर में CM साय का बड़ा ऐलान: वीर नारायण सिंह को नमन, 71.93 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण, तालाब निर्माण के लिए 15 लाख मंजूर

रायपुर, 11 दिसंबर 2025।बालोद जिले के गुरूर विकासखंड के ग्राम कर्रेझर में आयोजित विराट वीर मेला महोत्सव के अंतिम दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शहीद वीर नारायण सिंह की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र और समाज के नव निर्माण में आदिवासी समाज के अमर शहीदों व महापुरुषों का योगदान अतुलनीय है।
मुख्यमंत्री ने मेला स्थल के पास तालाब निर्माण के लिए 15 लाख रुपए, मेला आयोजन के लिए आदिम जाति कल्याण विभाग की सहायता राशि 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख रुपए करने और राजाराव पठार स्थित देवस्थल में किचन शेड निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने 71.93 लाख रुपए की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री अरविंद नेताम, आदिम जाति कल्याण मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा और विधायक आशाराम नेताम उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने वीर बिरसा मुंडा, वीर नारायण सिंह और गैंदसिंह नायक की राष्ट्रभक्ति और साहस का स्मरण करते हुए कहा कि सरकार मोदी की गारंटी के सभी वायदे पूरा कर रही है।

इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने नक्सलवाद के समाप्त होने की दिशा में राज्य व केंद्र सरकार के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास की मजबूत नींव रखी जा रही है तथा बस्तर नक्सली पीड़ा से बाहर आकर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में आदिवासी कलाकारों ने रेला, मांदरी, हुलकी जैसी पारंपरिक लोक विधाओं की प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आदिशक्ति माँ अंगारमोती और घोटुल पुंदाना पुस्तकों का विमोचन भी किया।



