छत्तीसगढ़
Trending

राष्ट्रपति के सम्मान को लेकर मुख्यमंत्री का ममता बनर्जी को पत्र, बोले— संवैधानिक पदों की मर्यादा का होना चाहिए पालन

रायपुर, 12 मार्च 2026। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री Mamata Banerjee को पत्र लिखकर राष्ट्रपति Droupadi Murmu के साथ हाल ही में हुए व्यवहार पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे देश की सर्वोच्च संवैधानिक संस्था, आदिवासी समाज और मातृशक्ति का अपमान बताया है।

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि भारत की लोकतांत्रिक परंपराएं और शिष्टाचार पूरी दुनिया में सम्मानित रहे हैं, लेकिन राष्ट्रपति जैसे सर्वोच्च संवैधानिक पद के प्रति न्यूनतम शिष्टाचार का पालन न किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज से आने वाली देश की पहली महिला राष्ट्रपति के साथ ऐसा व्यवहार अत्यंत निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से ठीक पहले राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं में लापरवाही और उनके प्रति अनादर देश के करोड़ों आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों और महिलाओं की भावनाओं को आहत करने वाला है। उन्होंने यह भी कहा कि पहली बार ऐसा हुआ है जब किसी राज्य सरकार के व्यवहार को लेकर स्वयं राष्ट्रपति को अपनी पीड़ा सार्वजनिक करनी पड़ी है।

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में संदेशखाली की घटना का भी उल्लेख करते हुए कहा कि वहां महिलाओं के साथ हुई घटनाओं ने पूरे देश को झकझोर दिया था। उन्होंने कहा कि वंचित और जनजातीय समाज के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

मुख्यमंत्री ने ममता बनर्जी से इस मामले में देश और समाज से क्षमा मांगने तथा भविष्य में संवैधानिक पदों और लोकतांत्रिक संस्थाओं के सम्मान को बनाए रखने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का सम्मान देश के लोकतंत्र की गरिमा से जुड़ा हुआ है और किसी भी राजनीतिक मतभेद से ऊपर उठकर संवैधानिक पदों का सम्मान किया जाना चाहिए।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button