छत्तीसगढ़
Trending

नुआपाड़ा में गरजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय — बोले, ‘उत्तम ओड़िशा’ बनेगा, मोदी के नेतृत्व में आदिवासी समाज नई उड़ान भर रहा है

रायपुर/नुआपाड़ा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नुआपाड़ा विधानसभा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार जय ढोलकिया के समर्थन में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि “उत्तम ओड़िशा” बनाना हम सबका संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के जीवन में ऐतिहासिक बदलाव आ रहे हैं और देशभर में विकास की नई गाथा लिखी जा रही है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ओड़िशा और छत्तीसगढ़ का नाता हमेशा मजबूत रहा है। “हमारी संस्कृति, परंपरा और जीवनशैली एक जैसी है। भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद दोनों राज्यों पर सदा बना हुआ है,” उन्होंने कहा।

बीजेडी सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले राज्य में विकास ठप हो गया था। “लोगों के मन में यही सवाल था कि ओड़िशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक हैं या पांडियन? यह सबको मालूम है,” उन्होंने कहा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री मोहन मांझी के नेतृत्व में ओड़िशा अब विकास के पथ पर अग्रसर है।

साय ने बताया कि मांझी सरकार ने नुआपाड़ा जिले के विकास के लिए अब तक 1101 करोड़ रुपए की राशि मंजूर की है, जिसमें से 800 करोड़ रुपए जल परियोजनाओं पर व्यय किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सदैव जनजातीय समाज का सम्मान करती रही है, जिसका उदाहरण देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू हैं।

साय ने आगे कहा कि “ओड़िशा और छत्तीसगढ़ में डबल इंजन की सरकार होने से हर वर्ग को लाभ मिल रहा है। छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना और ओड़िशा में सुभद्रा योजना से महिलाएं सशक्त हो रही हैं।” उन्होंने बताया कि नक्सलवाद के खिलाफ दोनों राज्यों की सरकारें मिलकर कार्रवाई कर रही हैं, जिससे अब नक्सलवाद समाप्ति की दिशा में जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने नुआपाड़ा के दिवंगत वरिष्ठ विधायक राजेंद्र ढोलकिया को याद करते हुए कहा कि “उनके पुत्र जय ढोलकिया को समर्थन देकर हम ‘उत्तम ओड़िशा’ के संकल्प को साकार करेंगे।”

सभा में भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं ओड़िशा सह-प्रभारी लता उसेंडी, प्रदेश अध्यक्ष बसंत पंडा, उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही, विधायक पुरंदर मिश्रा और रोहित साहू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button