
रायपुर, 13 दिसंबर 2025।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस (14 दिसंबर) के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए ऊर्जा संरक्षण को सतत विकास और सुरक्षित भविष्य की अनिवार्य शर्त बताया। उन्होंने कहा कि ऊर्जा का विवेकपूर्ण, जिम्मेदार और कुशल उपयोग न केवल प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करता है, बल्कि जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौती से निपटने में भी प्रभावी भूमिका निभाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा संचालित पीएम सूर्यघर योजना स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा को जन-जन तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के माध्यम से घरेलू स्तर पर सौर ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है, जिससे बिजली खर्च में कमी के साथ-साथ ऊर्जा आत्मनिर्भरता को भी मजबूती मिल रही है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि ऊर्जा बचत को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं, ऊर्जा-सक्षम उपकरणों का अधिक से अधिक उपयोग करें और छोटे-छोटे सामूहिक प्रयासों के जरिए छत्तीसगढ़ को हरित, स्वच्छ और विकसित राज्य बनाने में सक्रिय योगदान दें।



