छत्तीसगढ़
Trending

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल के निधन पर जताया शोक, कहा—हिंदी साहित्य को अपूरणीय क्षति

रायपुर, 23 दिसंबर 2025।छत्तीसगढ़ के गौरव, वरिष्ठ एवं विख्यात साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरी शोक-संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विनोद कुमार शुक्ल का जाना हिंदी साहित्य और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक चेतना के लिए अपूरणीय क्षति है। नौकर की कमीज और दीवार में एक खिड़की रहती थी जैसी कालजयी कृतियों के माध्यम से उन्होंने साधारण जीवन को असाधारण गरिमा प्रदान की। उनकी लेखनी में मानवीय संवेदना, सादगी और जीवन की सूक्ष्म अनुभूतियाँ सहजता से अभिव्यक्त होती थीं, जिसने पाठकों की कई पीढ़ियों को गहराई से प्रभावित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विनोद कुमार शुक्ल की रचनाएँ केवल साहित्य नहीं, बल्कि मानवीय मूल्यों और जीवन-दर्शन की सजीव अभिव्यक्ति हैं। उनकी संवेदनशील दृष्टि और मौलिक भाषा-शैली सदैव पाठकों को प्रेरित करती रहेगी और हिंदी साहित्य में उनका योगदान अमिट रहेगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ईश्वर से प्रार्थना की कि इस दुःख की घड़ी में शोकाकुल परिजनों और साहित्य-जगत को संबल प्रदान करें तथा पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button