बिलासपुर ट्रेन हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया गहरा दुख, कलेक्टर से ली जानकारी – घायलों को त्वरित मदद के निर्देश

रायपुर, 4 नवंबर 2025। बिलासपुर जिले के पास हुई ट्रेन दुर्घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस हादसे को अत्यंत दुखद बताया और कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदना के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने बिलासपुर कलेक्टर से दूरभाष पर बात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली और राहत-बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घायलों को तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता दी जाए।
साय ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और राहत-बचाव कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि घायलों के उपचार के लिए सभी जरूरी संसाधन और चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले यात्रियों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और उनके परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।



