मुख्यमंत्री साय ने किया रायपुर की पहली महिला विधायक स्व रजनी उपासने पर बनी डॉक्यूमेंट्री का विमोचन

रायपुर, 26 दिसंबर 2025।छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक ऐतिहासिक अध्याय को सहेजते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर की प्रथम महिला विधायक रजनी दत्तात्रेय उपासने के प्रेरणादायी जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री “अनटोल्ड स्टोरी ऑफ रजनी दत्तात्रेय उपासने” का मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में विमोचन किया।
मुख्यमंत्री साय ने इस मौके पर कहा कि रजनी उपासने का जीवन संघर्ष, साहस और जनसेवा का अद्भुत उदाहरण रहा है। आपातकाल जैसे कठिन समय में लोकतंत्र की रक्षा के लिए उन्होंने जो भूमिका निभाई, वह आज भी नई पीढ़ी को प्रेरित करती है। उन्होंने रायपुर के विकास, महिलाओं के सशक्तिकरण और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए जो काम किए, वे छत्तीसगढ़ के राजनीतिक इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह डॉक्यूमेंट्री सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक प्रेरणास्रोत है, जो आने वाली पीढ़ियों को रजनी उपासने के विचारों, संघर्षों और योगदान से परिचित कराएगी।
विमोचन कार्यक्रम में उनके परिवारजन, विशेष रूप से सच्चिदानंद उपासने, सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में भावनात्मक माहौल देखने को मिला, जहां सभी ने रजनी उपासने के योगदान को नमन किया।



