मुख्यमंत्री जनदर्शन: पैरों से चित्र बनाने वाली पूनम बिटिया के जीवन में भरी नई उम्मीद, विशेष विद्यालय में मिलेगी पढ़ाई और छात्रवृत्ति

रायपुर, 13 नवंबर 2025। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जनदर्शन कार्यक्रम में दूर-दूर से आने वाले लोगों से मुलाकात कर रहे हैं और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान कर रहे हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत में ही मुख्यमंत्री ने रायपुर के तेलीबांधा की 11 वर्षीय पूनम से भेंट की। पूनम सेरेब्रल पाल्सी जैसी चुनौतीपूर्ण बीमारी से जूझ रही हैं और बातचीत में असमर्थ हैं, लेकिन इसके बावजूद अपने पैरों से अद्भुत चित्र उकेरती हैं।
मुख्यमंत्री ने पूनम से स्नेहपूर्वक मुलाकात की और उनकी माता को आश्वस्त करते हुए कहा, “हम आपके साथ हैं, आपको बिटिया के लिए किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।”
मुख्यमंत्री ने पूनम के उज्जवल भविष्य के लिए उसे विशेष विद्यालय में प्रवेश और छात्रवृत्ति प्रदान करने के निर्देश दिए, जिससे बिटिया अपनी कला और पढ़ाई दोनों में आगे बढ़ सके।
यह मुलाकात पूनम और उनके परिवार के लिए नई उम्मीद की किरण लेकर आई है।



