छत्तीसगढ़
Trending

बाबा गुरु घासीदास के मार्ग पर विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प: लालपुर में सीएम विष्णु देव साय का बड़ा ऐलान, कॉलेज और विकास कार्यों की सौगात

रायपुर, 18 दिसंबर 2025।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास के बताए सत्य, समानता और मानवता के मार्ग पर चलकर ही छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाया जा सकता है। मुंगेली जिले के लालपुर में आयोजित गुरु घासीदास जयंती एवं तीन दिवसीय मेले को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार महापुरुषों के आदर्शों के अनुरूप समतामूलक, न्यायपूर्ण और समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लालपुर में नए महाविद्यालय की स्थापना की घोषणा की। साथ ही मेला एवं कार्यक्रम आयोजन की अनुदान राशि 10 लाख से बढ़ाकर 15 लाख रुपये, कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश द्वार निर्माण के लिए 25 लाख रुपये और मुंगेली सतनाम भवन के जीर्णोद्धार हेतु 25 लाख रुपये की स्वीकृति दी।

कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने बाबा गुरु घासीदास मंदिर और जैतखाम में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।

सीएम साय ने कहा कि सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अधिकांश गारंटियां पूरी की जा चुकी हैं। प्रदेश में अब तक 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि सरकार प्रत्येक पात्र किसान से धान खरीदी के लिए पूरी तरह संकल्पित है।

उन्होंने बताया कि बीते दो वर्षों में धान के रकबे और किसानों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की 70 लाख महिलाओं को लाभ मिल रहा है। पीएसी चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है। नई औद्योगिक नीति के जरिए हर वर्ग के युवा को उद्यमी बनने के अवसर दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सभी के सहयोग से विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का आह्वान किया। इस मौके पर सतनाम आचार संहिता एवं जागरूकता कैलेंडर का विमोचन भी किया गया।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि अनुसूचित जाति प्राधिकरण के बजट को 50 करोड़ से बढ़ाकर 75 करोड़ रुपये किया गया है। कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि राज्य में सर्व समाज का समावेशी विकास हो रहा है। उन्होंने अनुसूचित समाज के पांच प्रतिभावान युवाओं को पायलट प्रशिक्षण के लिए 15-15 लाख रुपये की सहायता देने के निर्णय को सरकार की दूरदर्शिता बताया।

कार्यक्रम में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, विधायक डोमन लाल कोरसेवाड़ा, पूर्व विधायक सनम जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, उपाध्यक्ष शांति देवचरण भास्कर, जनपद अध्यक्ष लोरमी वर्षा विक्रम सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष सुजीत वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और सतनामी समाज के अनुयायी मौजूद रहे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button