Chhattisgarh TechStart 2025: रायपुर में जुटेंगे निवेशक और उद्यमी, 4 नवम्बर को शुरू होगा नवाचार का महाकुंभ

रायपुर, 3 नवम्बर 2025।छत्तीसगढ़ में तकनीकी नवाचार और उद्यमिता को नई दिशा देने जा रहा है “छत्तीसगढ़ टेकस्टार्ट 2025”, जिसका आयोजन 4 नवम्बर को वाणिज्य एवं उद्योग विभाग द्वारा किया जाएगा। यह आयोजन राज्य के स्टार्टअप इकोसिस्टम को सशक्त बनाने और उसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम में देशभर के निवेशक, उद्योग जगत के विशेषज्ञ और युवा उद्यमी एक ही मंच पर जुटेंगे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ को आईटी, आईटीईएस और तकनीकी उद्यमिता का अग्रणी केंद्र बनाना है। इसके तहत नए निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा, स्टार्टअप्स और उद्योग जगत के बीच सहयोग के अवसर बढ़ेंगे, और डिजिटल प्रौद्योगिकी व नवाचार के क्षेत्र में राज्य की उभरती क्षमता को प्रदर्शित किया जाएगा।
इस आयोजन में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) और MeitY स्टार्टअप हब जैसे राष्ट्रीय संस्थान भी भाग लेंगे। कार्यक्रम में नई तकनीक, नवाचार नीतियों और वैश्विक सहयोग के अवसरों पर गहन चर्चा होगी।
राज्य की औद्योगिक विकास नीति 2024–30 के तहत स्टार्टअप्स और आईटी/आईटीईएस निवेशकों को सीड फंडिंग, संचालन सहायता और इनक्यूबेशन सपोर्ट जैसी सुविधाएँ दी जा रही हैं। इस अवसर पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ साझेदारी समझौते भी किए जाएंगे, ताकि छत्तीसगढ़ के स्टार्टअप्स को मार्गदर्शन, तकनीकी सहयोग और वैश्विक बाजारों तक पहुँच सुनिश्चित की जा सके।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा—
“4 नवम्बर को आयोजित होने जा रहा ‘छत्तीसगढ़ टेकस्टार्ट 2025’ राज्य में नवाचार, प्रौद्योगिकी और उद्यमिता के नए युग की शुरुआत करेगा। यह आयोजन न केवल युवाओं में स्टार्टअप संस्कृति को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ को ‘न्यू इंडिया’ के डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन मिशन में एक प्रमुख भागीदार बनाएगा। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ अभियानों की भावना के अनुरूप है, जो आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में नवाचार और कौशल को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। हमारा लक्ष्य है कि हर युवा विचार एक अवसर बने और हर नवाचार राज्य की प्रगति में योगदान दे।”
छत्तीसगढ़ टेकस्टार्ट 2025 को राज्य में मध्य भारत का प्रमुख नवाचार और तकनीकी केंद्र बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। यह आयोजन राज्य में एक मजबूत, नवाचार-प्रेरित और वैश्विक स्तर पर जुड़ा हुआ स्टार्टअप वातावरण तैयार करेगा।



