छत्तीसगढ़: अंबागढ़ चौकी के किसान धनेश राम ने मोबाइल से काटा धान टोकन, तुंहर ऐप से विक्रय हुआ आसान और पारदर्शी

रायपुर, 21 नवम्बर 2025/
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार द्वारा धान का समर्थन मूल्य 3,100 रुपये प्रति क्विंटल और प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी का निर्णय किसानों के लिए बड़ी राहत साबित हुआ है। इसका सकारात्मक असर जिलेभर के किसानों के चेहरों पर साफ दिखाई दे रहा है।
अंबागढ़ चौकी विकासखंड के ग्राम कलकसा के किसान धनेश राम आज कौड़ीकसा उपार्जन केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने 52 क्विंटल धान विक्रय के लिए स्वयं तुंहर टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन काटा। उन्होंने बताया कि इस डिजिटल प्रक्रिया ने धान विक्रय को बेहद सरल और सुविधाजनक बना दिया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार लागू किए गए इस नवाचार से किसानों को अब मोबाइल फोन पर कुछ ही मिनटों में टोकन मिल जाता है और निर्धारित समय पर केंद्र पहुंचकर बिना किसी परेशानी के धान बेचा जा सकता है।
धनेश राम ने कहा कि उपार्जन केंद्र में कर्मचारियों का व्यवहार सहयोगपूर्ण था, तौल-कांटे सही थे, बारदाना पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध था और साफ-सफाई की व्यवस्था भी बेहतर थी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष उनकी फसल की पैदावार अच्छी हुई है, जिससे परिवार की आय में वृद्धि हुई। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का धन्यवाद किया कि किसानों को उचित मूल्य पर धान बेचने का अवसर मिला।
डिजिटल नवाचार ने किसानों के धान विक्रय में पारदर्शिता, सुविधा और संतोष बढ़ाया है, जिससे राज्य सरकार की यह पहल सफल साबित हो रही है।



