छत्तीसगढ़ बजट 2026-27: स्वास्थ्य क्षेत्र को बड़ी सौगात, 1500 करोड़ की आयुष्मान योजना से लेकर नए मेडिकल कॉलेजों तक कई अहम घोषणाएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के बजट 2026-27 में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए व्यापक प्रावधान किए गए हैं। राज्य सरकार ने स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, नई संस्थाओं की स्थापना और चिकित्सा शिक्षा के सुदृढ़ीकरण के लिए हजारों करोड़ रुपए का बजट निर्धारित किया है।
सबसे अहम घोषणा शहीद वीरनारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना के तहत की गई है। शासकीय और गैर-शासकीय अस्पतालों में निःशुल्क उपचार सुविधा के लिए 1500 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के लिए 2,000 करोड़ रुपए और प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लिए 183 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
25 विकासखंडों में डायलिसिस कैंप, 50 में जनऔषधि केंद्र
ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से 25 विकासखंडों में डायलिसिस कैंप और 50 विकासखंडों में जनऔषधि केंद्र स्थापित किए जाएंगे। मितानिन कल्याण निधि के लिए 350 करोड़ रुपए और पीएम-एबीएचआईएम (PM ABHIM) के लिए 190 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। राष्ट्रीय आयुष मिशन के लिए 120 करोड़ रुपए निर्धारित किए गए हैं।
रायपुर में प्रदेश का पहला होम्योपैथी कॉलेज
राजधानी रायपुर में प्रदेश का पहला होम्योपैथी कॉलेज खोला जाएगा। साथ ही इंटीग्रेटेड खाद्य एवं औषधि परीक्षण प्रयोगशाला के लिए 25 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
मेकाहारा रायपुर स्थित एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट में उपकरण, अतिरिक्त बिस्तर और एआई आधारित उपचार सुविधाओं के विस्तार के लिए 10 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
मेडिकल और नर्सिंग कॉलेजों को मजबूती
राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज, आयुर्वेदिक कॉलेज रायपुर तथा मेडिकल कॉलेजों में इंटर्न्स के लिए हॉस्टल निर्माण हेतु 35 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
दंतेवाड़ा, मनेन्द्रगढ़, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा और जशपुर में मेडिकल कॉलेजों के संचालन के लिए बजट रखा गया है। वहीं कांकेर, कोरबा, मनेन्द्रगढ़ और महासमुंद में नर्सिंग कॉलेजों के लिए भी प्रावधान किया गया है।
नए अस्पताल और भवन निर्माण
- 220 बिस्तर जिला चिकित्सालय अम्बिकापुर
- 200 बिस्तर जिला चिकित्सालय धमतरी
- 200 बिस्तर मातृ-शिशु अस्पताल कालीबाड़ी, रायपुर
- 200 बिस्तर जिला अस्पताल चिरमिरी
इसके अलावा 25 से अधिक उप-स्वास्थ्य केंद्र (SHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के लिए भवन निर्माण किया जाएगा।
रामनगर (रायपुर) और कुण्डा (कबीरधाम) के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नत किया जाएगा। दुर्ग, कोण्डागांव, जशपुर और रायपुर में जीएनएम प्रशिक्षण केंद्रों के भवन भी बनाए जाएंगे।
राज्य कैंसर संस्थान का सेटअप
बिलासपुर में राज्य कैंसर संस्थान की स्थापना के लिए भी बजट में प्रावधान किया गया है।
कुल मिलाकर, बजट 2026-27 में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और चिकित्सा शिक्षा को मजबूत करने पर विशेष फोकस दिखाई देता है। सरकार का लक्ष्य ग्रामीण से शहरी क्षेत्रों तक बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना है।



