CG मौसम अलर्ट : रायपुर और कई जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी, तेज हवाओं के साथ वज्रपात का खतरा!

रायपुर, 27 मार्च 2026/ छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाकों में आंधी, तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है। तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है, जिससे लोगों को अस्थायी ठंडक का अहसास होगा।
प्रदेश में अभी अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर है। आज सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 40°C और न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 16.9°C रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद गर्मी में थोड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है।
मौसम विज्ञानियों ने बताया कि उत्तरी ओडिशा से सटे दक्षिणी गंगा-क्षेत्रीय पश्चिम बंगाल में ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसका असर सीधे छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ रहा है।
तेज हवाओं और वज्रपात का खतरा
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ क्षेत्रों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और वज्रपात की भी संभावना है। अगले दो दिनों तक हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी रह सकती है। इस दौरान तेज हवाओं की रफ्तार 40-50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
रायपुर का मौसम
रायपुर शहर में आज आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहेगा। गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर में अधिकतम तापमान 36°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विशेषज्ञों ने नागरिकों से सलाह दी है कि वे बाहर निकलते समय सावधानी बरतें, खासकर तेज हवाओं और आंधी-बारिश के दौरान।



