छत्तीसगढ़
Trending

CG NEWS : खैरागढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई — 9 अंतरराज्यीय गौ-तस्कर गिरफ्तार, 10 मवेशी और 4 पिकअप जब्त

खैरागढ़।गौ-तस्करी के खिलाफ खैरागढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नौ अंतरराज्यीय पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 मवेशी, 4 पिकअप वाहन और 8 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग ₹13 लाख 34 हजार बताई गई है।

यह कार्रवाई सोमवार देर रात की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर छत्तीसगढ़ से मवेशियों को भरकर मध्यप्रदेश के कत्लखाने की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर थाना खैरागढ़ की टीम ने बालाघाट रोड पर देर रात नाका लगाकर वाहनों की जांच शुरू की। कुछ ही देर में चार संदिग्ध पिकअप वाहन पकड़ में आ गए।

जांच में पाया गया कि वाहनों में भैंसों को रस्सियों से बांधकर ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। जब चालकों से वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई कागजात नहीं दिखा पाए। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही सभी नौ तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में हेमराज (42), नरेंद्र (26), नोहर (45), संतोष (35) और कृष्णकुमार (26) मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के निवासी हैं, जबकि लकेश (23), छबि (27), सातेश (30) और सागर (21) छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के रहने वाले हैं।

पुलिस ने उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 और मोटरयान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। जब्त वाहनों को राजसात करने की कार्रवाई की जा रही है।

खैरागढ़ पुलिस ने बताया कि जिले में सक्रिय गौ-तस्करी गिरोहों के खिलाफ यह बड़ी सफलता है। पुलिस ने कहा कि गौवंश की अवैध ढुलाई और पशु क्रूरता में लिप्त लोगों पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button