CG News : रायगढ़ में मछली पालन विभाग के दफ्तर में लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से धधका ऑफिस, सरकारी फाइलें और लाखों का सामान जलकर खाक

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जिला सहायक संचालक मछली पालन विभाग के कार्यालय में रविवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार्यालय में रखी महत्वपूर्ण सरकारी फाइलें, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य जरूरी सामान जलकर खाक हो गए। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।
आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त सावधानी बरती गई, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही चक्रधर नगर थाना प्रभारी सहित पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया और एहतियातन लोगों को दूर रखा गया। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगी।
मछली पालन विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर नुकसान का आकलन कर रहे हैं। एएसपी अनिल कुमार सोनी ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है। संबंधित विभाग द्वारा आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



