CG Crime News : सरगुजा में लिव-इन में रह रही गर्भवती प्रेमिका की डंडों से पिटाई कर हत्या, गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां लिव-इन रिलेशन में रह रही 7 महीने की गर्भवती महिला की उसके प्रेमी ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी युवक ने डंडे से इतना मारा कि महिला के साथ उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई। घटना सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम जजगा की है।
मामले में सामने आई जानकारी के अनुसार, ग्राम जजगा निवासी राजीव दास महंत (30) का गांव की ही मनबसिया माझी (28) से प्रेम संबंध था। दोनों करीब दो सालों से ढुकू प्रथा के तहत एक साथ रह रहे थे। इस प्रथा में बिना विवाह के युवती युवक के घर में रहना शुरू कर देती है।
राजीव ने अपने परिवार से अलग होकर किराना दुकान खोली थी, जिसे मनबसिया संभालती थी। दोनों के बीच अक्सर राजीव की शराबखोरी को लेकर विवाद होता रहता था। इसी से परेशान होकर कुछ दिन पहले मनबसिया बिना बताए अपने मायके चली गई थी।
बहला-फुसलाकर घर लाया, फिर बेरहमी से पीटकर मार डाला
घटना 7 नवंबर की है। जब राजीव को पता चला कि मनबसिया मायके चली गई है, तो वह गुस्से में 2 किलोमीटर दूर ससुराल पहुंचा और उसे बहला-फुसलाकर घर ले आया। घर पहुंचते ही उसने मनबसिया की डंडे से पिटाई शुरू कर दी। पहले बाहर मारा, फिर कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा।
कुछ देर बाद जब मनबसिया बेहोश हो गई, तो राजीव ने कमरे में ताला लगाकर घर से भाग गया। देर रात तक घर से कोई आवाज न आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
शव के पास मिला दर्दनाक मंजर
पुलिस और 108 की टीम ने जब घर का ताला तोड़ा, तो अंदर का दृश्य दिल दहला देने वाला था। मनबसिया की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने पोस्टमॉर्टम के दौरान बताया कि गर्भ में पल रहे 7 महीने के बच्चे की भी मौत हो गई थी। महिला के शरीर पर 40 से ज्यादा चोट के निशान मिले हैं।
लोगों ने बनाया वीडियो, पर नहीं बचाया
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें आरोपी प्रेमी डंडे से मनबसिया को बेरहमी से पीटता हुआ नजर आ रहा है। आसपास के लोग वीडियो बना रहे थे, लेकिन कोई भी उसे बचाने आगे नहीं आया।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी राजीव दास महंत को अगले दिन गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
👉 ढुकू प्रथा के नाम पर शुरू हुआ प्यार आखिरकार एक दर्दनाक हत्या में खत्म हो गया — मां और अजन्मे बच्चे दोनों की जिंदगी छिन गई।



