CG Budget 2026-27: मंदिर में पूजा के बाद सदन पहुंचे ओपी चौधरी, आज पेश होगा साय सरकार का तीसरा बजट, बड़ी घोषणाओं की उम्मीद

रायपुर, 24 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन आज प्रदेश की सियासत और आम जनता की निगाहें बजट पर टिकी हुई हैं। वित्त मंत्री ओपी चौधरी आज सदन में साय सरकार का तीसरा बजट पेश करेंगे।
बजट पेश करने से पहले वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अपनी पत्नी डॉ. अदिति पटेल के साथ अपने आवास पर पूजा-अर्चना की। उन्होंने आवास स्थित भगवान शंकर की प्रतिमा के समक्ष विधिवत पूजन किया। इसके बाद वे वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर पहुंचे, जहां भगवान राम का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उनके हाथ में पारंपरिक बजट ब्रीफकेस भी नजर आया।
आज पेश होने वाला बजट मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली सरकार का तीसरा बजट है। माना जा रहा है कि इस बजट में प्रदेश के विकास, अधोसंरचना, किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए कई अहम घोषणाएं की जा सकती हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बजट आगामी वर्षों के लिए विकास की दिशा तय करेगा। जनकल्याणकारी योजनाओं के विस्तार, रोजगार सृजन, उद्योग निवेश और ग्रामीण विकास पर विशेष फोकस रहने की संभावना जताई जा रही है।
सदन में बजट भाषण शुरू होने के साथ ही विभिन्न विभागों के लिए वित्तीय प्रावधानों का खुलासा होगा, जिस पर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस भी देखने को मिल सकती है।



