CG Budget 2026-27: बेटियों को 18 साल पर ₹1.5 लाख, ‘लखपति दीदी भ्रमण योजना’ का ऐलान; महिलाओं के लिए 8200 करोड़ का प्रावधान

रायपुर, 24 फरवरी 2026।
छत्तीसगढ़ सरकार ने बजट 2026-27 में महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण पर बड़ा फोकस किया है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने विधानसभा में कई अहम योजनाओं का ऐलान किया। सरकार का दावा है कि इन प्रावधानों से महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता, सामाजिक सुरक्षा और सम्मान को नई मजबूती मिलेगी।
बेटियों को 18 साल पर ₹1.5 लाख
रानी दुर्गावती योजना के तहत अब प्रदेश की बच्चियों के 18 वर्ष पूर्ण होने पर डेढ़ लाख रुपए की एकमुश्त सहायता दी जाएगी। सरकार का कहना है कि इससे बेटियों की उच्च शिक्षा और भविष्य की जरूरतों में मदद मिलेगी।
‘मुख्यमंत्री लखपति दीदी भ्रमण योजना’ की शुरुआत
महिलाओं के सामाजिक-सांस्कृतिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से मुख्यमंत्री लखपति दीदी भ्रमण योजना शुरू की जाएगी। इस योजना के तहत महिलाओं को धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्रों का भ्रमण कराया जाएगा। सरकार का दावा है कि इससे आत्मविश्वास और सामाजिक सहभागिता बढ़ेगी।
महतारी वंदन योजना के लिए ₹8200 करोड़
सरकार ने वर्ष 2026-27 में महतारी वंदन योजना के लिए 8200 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि योजना की शुरुआत से अब तक 14 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि हितग्राहियों को वितरित की जा चुकी है। प्रदेश में 70 लाख से ज्यादा महिलाएं इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं।
250 महतारी सदन बनेंगे
महिलाओं के लिए सुरक्षित और सुविधायुक्त केंद्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश में 250 महतारी सदन बनाए जाएंगे। इसके लिए 75 करोड़ रुपए का बजट तय किया गया है।
अन्य प्रमुख प्रावधान
- मितानिन कल्याण निधि के लिए 350 करोड़ रुपए
- मिशन वात्सल्य योजना के लिए 80 करोड़ रुपए
- आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए 800 करोड़ रुपए का बजट
सरकार का कहना है कि यह बजट महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और सामाजिक रूप से सशक्त करने की दिशा में निर्णायक कदम साबित होगा।



