छत्तीसगढ़
Trending

CG Accident News: मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में शामिल होने जा रहे 54 जोड़ों की बस हादसे का शिकार, सभी घायल

मनेन्द्रगढ़, 10 फ़रवरी 2026/ मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे 54 जोड़ों की बस मंगलवार सुबह सड़क हादसे का शिकार हो गई। जनकपुर से रतनपुर महामाया मंदिर जा रही दुर्गा बस पोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत नागपुर रेलवे स्टेशन के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी।

हादसे के समय बस में करीब 54 जोड़े और उनके परिजन सवार थे। दुर्घटना में बस में बैठे सभी यात्री घायल हो गए। घायलों को तत्काल नागपुर उप-स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, हालांकि कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी। नागपुर रेलवे स्टेशन के पास अचानक संतुलन बिगड़ने से बस सड़क किनारे गड्ढे में उतर गई। हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलते ही पोड़ी थाना और नागपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक और कंडक्टर की तलाश की जा रही है।

इस घटना ने सामूहिक विवाह जैसे बड़े शासकीय कार्यक्रमों में परिवहन व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button