25 साल का जश्न: मोर छइयां भुईयां की रजत जयंती पर आरुग म्यूजिक लाएगा भव्य ‘जय छत्तीसगढ़’ महतारी वंदना, 27 अक्टूबर को होगी रिलीज

रायपुर, 26 अक्टूबर 2025।छत्तीसगढ़ राज्य के स्थापना के 25 गौरवशाली वर्षों और प्रख्यात छत्तीसगढ़ी फिल्म मोर छइयां भुईयां के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आरुग म्यूजिक 27 अक्टूबर को एक भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुति लेकर आ रहा है। “जय छत्तीसगढ़” नामक यह महतारी वंदना आरुग म्यूजिक के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज होगी।
आरुग म्यूजिक की यह विशेष प्रस्तुति छत्तीसगढ़ की मिट्टी की खुशबू, संस्कृति की विविधता, परंपराओं की समृद्धि, प्रकृति की हरियाली और विकास की रोशनी को एक ही सुरों की माला में पिरोकर प्रस्तुत करेगी। सरगुजा से लेकर बस्तर तक की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाने वाले इस जय गान में राज्य के कई मूर्धन्य कलाकार एक साथ नजर आएंगे।
आरुग म्यूजिक के निर्माताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ की 25 वर्षीय यात्रा संकल्प, संघर्ष और सफलता का सफर है। राज्य की पहचान, सम्मान और स्वाभिमान को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाने वाले हर सपने और हर उपलब्धि का उत्सव “जय छत्तीसगढ़” के माध्यम से मनाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि 27 अक्टूबर का दिन इसलिए भी ऐतिहासिक है क्योंकि इसी दिन 25 वर्ष पूर्व अनुज शर्मा की प्रतिष्ठित फिल्म मोर छइयां भुईयां रिलीज हुई थी, जिसने छत्तीसगढ़ी सिनेमा को एक नई पहचान दी थी।
आरुग म्यूजिक ने सभी छत्तीसगढ़वासियों और कला प्रेमियों से आह्वान किया है कि वे 27 अक्टूबर को यूट्यूब पर “जय छत्तीसगढ़” देख कर इस सांस्कृतिक उत्सव का हिस्सा बनें।
जय छत्तीसगढ़!



