
जांजगीर। थाना अकलतरा क्षेत्र के तरौद वार्ड क्रमांक–20 में हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर लोगों पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना 28 दिसंबर की है, जब दो व्यक्ति स्थानीय लोगों को हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक बातें कहीं, जिससे क्षेत्र में धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। सूचना मिलते ही अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 और छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम 1968 की धारा 03 के तहत अपराध दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश और एएसपी उमेश कुमार कश्यप के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान—
- संजू दांडेकर (37 वर्ष), निवासी लीमाही, थाना पलारी, जिला बलौदाबाजार
- मोती सिंह (39 वर्ष), निवासी किरारी, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा
इस पूरी कार्रवाई में थाना अकलतरा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समाज की धार्मिक सद्भावना को बिगाड़ने और जबरन धर्म परिवर्तन कराने की किसी भी कोशिश पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



