छत्तीसगढ़
Trending

रायगढ़ में करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम : आनंद कुमार और वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दिए सफलता के मंत्र

रायगढ़, 25 नवम्बर 2025। युवाओं के करियर निर्माण और बेहतर भविष्य की दिशा में रायगढ़ के रामलीला मैदान में एक बड़ा करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी की पहल पर हुआ, जिसमें सुपर 30 के संस्थापक व प्रख्यात गणितज्ञ पद्मश्री आनंद कुमार मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में हजारों छात्रों ने हिस्सा लिया।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि करियर निर्माण में स्पष्ट लक्ष्य, सही मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत सबसे जरूरी है। उन्होंने कहा कि जीवन की कठिनाइयाँ सफलता की सीढ़ी बनती हैं। उन्होंने घोषणा की कि जिले के 100 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपये का स्वेच्छानुदान दिया जाएगा।

पद्मश्री आनंद कुमार ने छात्रों से ईमानदार मेहनत, आत्मविश्वास और धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने अपने संघर्ष के दिनों का अनुभव साझा करते हुए बताया कि आर्थिक तंगी और कठिन परिस्थितियों ने उन्हें मजबूत बनाया, जिसके बाद सुपर 30 की शुरुआत हुई। उन्होंने कहा कि संसाधन सीमित होने के बावजूद विद्यार्थी खुद को कमजोर न समझें, क्योंकि संघर्ष ही सफलता को चमकदार बनाता है।

कार्यक्रम में छात्रों ने मोबाइल फ्लैशलाइट जलाकर उत्साह व्यक्त किया। इस मौके पर आईआईटी चयनित आर. बालाजी यादव सहित कई उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, जनप्रतिनिधि, पार्षद और बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, एसपी दिव्यांग पटेल और जिला पंचायत सीईओ अभिजीत पठारे भी उपस्थित थे।

करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का दूसरा चरण 25 नवंबर को पुसौर और सरिया में आयोजित होगा, जहां विद्यार्थी सीधे आनंद कुमार से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button