कार्य मंत्रणा समिति की बैठक आयोजित, बजट सत्र की कार्यवाही पर हुई चर्चा

रायपुर, 23 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा के समिति कक्ष में आज कार्य मंत्रणा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने की।
बैठक में आगामी बजट सत्र की कार्यसूची, शासकीय विधेयकों की प्रस्तुति, प्रश्नकाल एवं शून्यकाल की समय-सारिणी सहित सदन की सुचारू संचालन व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। सत्र के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े विषयों पर सार्थक बहस सुनिश्चित करने और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने पर सहमति बनी।
बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी, कृषि मंत्री रामविचार नेताम सहित विधायक धरम लाल कौशिक, धर्मजीत सिंह और अजय चंद्राकर सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
अध्यक्ष ने कहा कि सदन की कार्यवाही को व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए सभी दलों का सहयोग आवश्यक है। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि लोकतांत्रिक परंपराओं का पालन करते हुए सदन की कार्यवाही को सुचारू रूप से संचालित किया जाए, ताकि प्रदेश की जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हो सके।



