छत्तीसगढ़
Trending

बलरामपुर में क्रशर संचालकों की दबंगई: पेट्रोल-डीजल चोरी के शक में दो युवकों को अर्धनग्न कर पीटा, वीडियो वायरल

बलरामपुर। जिले के बरियो चौकी क्षेत्र के भेलाई खुर्द गांव में क्रशर संचालकों की दबंगई का वीडियो सामने आया है। पेट्रोल-डीजल चोरी के शक में दो युवकों के साथ क्रूरता की गई। आरोपियों ने दोनों युवकों के कपड़े उतरवाए और एक युवक के हाथ-पैर बांधकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। यह पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, जिस युवक की सबसे ज्यादा पिटाई की गई, वह क्रशर प्लांट में पोकलेन मशीन का ऑपरेटर है। वायरल वीडियो में वह अर्धनग्न अवस्था में पाइप और रस्सी से बंधा हुआ नजर आ रहा है, जबकि कुछ लोग उसे जमीन पर गिराकर जूतों और लातों से पीट रहे हैं।

बताया जा रहा है कि आधा दर्जन से ज्यादा लोगों ने दोनों युवकों को घेर लिया था। वे पेट्रोल-डीजल चोरी का आरोप लगाते हुए पूछताछ कर रहे थे और मारपीट भी की। एक अन्य युवक के भी कपड़े उतरवाकर कमरे में बंद कर पूछताछ की गई।

बरियो चौकी प्रभारी रविन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिस युवक को पीटा गया है, उसकी पहचान बघिमा निवासी विनोद सारथी के रूप में की गई है। पुलिस ने उससे फोन पर बातचीत की, लेकिन मारपीट करने वालों के डर से वह औपचारिक शिकायत दर्ज कराने से हिचक रहा है। फिलहाल, युवक को पुलिस चौकी में बुलाया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस क्रशर प्लांट में यह घटना हुई, उसका संचालन अंबिकापुर के कुंडला सिटी निवासी दीपक अग्रवाल करते हैं। बताया जा रहा है कि दीपक अग्रवाल और उनके साथी भी इस मारपीट में शामिल थे।

बलरामपुर एएसपी विश्व दीपक त्रिपाठी ने कहा कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button