छत्तीसगढ़
Trending

विकसित भारत की नींव रखने वाला बजट 2026: अनुज शर्मा बोले—यह सिर्फ आंकड़े नहीं, 2047 का विज़न है

रायपुर, 03 फ़रवरी 2026/ केंद्रीय बजट 2026-27 के पेश होने के बाद विधायक अनुज शर्मा ने इसे ऐतिहासिक और अपार अवसरों का राजमार्ग बताते हुए कहा कि यह बजट आज की आकांक्षाओं को साकार करने और भारत के उज्ज्वल भविष्य की नींव को मजबूत करने वाला है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने का स्पष्ट रोडमैप है।

अनुज शर्मा ने कहा कि तीन प्रमुख कर्तव्यों से प्रेरित यह बजट—आर्थिक वृद्धि को तेज करना, नागरिकों की आकांक्षाओं को पूरा करना और सबका साथ–सबका विकास के विज़न को साकार करना—देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। उन्होंने इसे भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मील का पत्थर बताया।

उन्होंने कहा कि बजट समाज के हर वर्ग, विशेषकर गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के उत्थान पर केंद्रित है। देशभर में 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा से कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। 17 कैंसर दवाओं और 7 दुर्लभ बीमारियों की दवाओं पर बेसिक कस्टम ड्यूटी हटाने को उन्होंने आमजन के लिए बड़ी राहत बताया।

विधायक शर्मा ने रक्षा बजट बढ़ाकर 7.8 लाख करोड़ रुपये किए जाने को राष्ट्रीय सुरक्षा और सेना के आधुनिकीकरण की दिशा में मजबूत कदम बताया। साथ ही डिजिटल इंडिया, आधुनिक कृषि पद्धतियों, काजू, नारियल, अखरोट और औषधीय खेती को बढ़ावा देने वाली योजनाओं को किसानों के लिए लाभकारी करार दिया।

तेंदूपत्ता पर TCS की दर 5 प्रतिशत से घटाकर 2 प्रतिशत किए जाने को उन्होंने छत्तीसगढ़ के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण निर्णय बताया, जिससे संग्राहकों के हाथ में अधिक शुद्ध आय बचेगी। इलेक्ट्रिक वाहन और सोलर सेक्टर में लिथियम-आयन बैटरी और सोलर पैनल से जुड़े उपकरणों पर कस्टम ड्यूटी में कटौती को भविष्य की हरित अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव बताया।

अनुज शर्मा ने कहा कि यह बजट 140 करोड़ भारतीयों के सपनों और आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है। छत्तीसगढ़ की जनता इस दूरदर्शी और जनकल्याणकारी बजट का स्वागत करती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह बजट निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में विकास की नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा और आत्मनिर्भर भारत को और मजबूत बनाएगा।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button