छत्तीसगढ़
Trending

BREAKING: आमाघाट में अफीम तस्करी नेटवर्क का खुलासा, झारखंड से आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी

रायगढ़। जिले के तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम आमाघाट में अवैध अफीम खेती के मामले में रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में फरार आरोपियों की तलाश कर रही टीम ने झारखंड में दबिश देकर आरोपी एमानुएल भेंगरा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि उसका साथी सीप्रियन भेंगरा अब भी फरार है।

पुलिस के अनुसार, आमाघाट के खर्राघाट भैर नाला किनारे स्थित भूमि पर मुख्य आरोपी मार्शल संगा द्वारा अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 60,326 अफीम पौधे बरामद किए, जिनका कुल वजन 2,877 किलोग्राम है। साथ ही आरोपी के ठिकाने से 3.02 किलोग्राम तैयार अफीम भी जब्त की गई। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत करीब 2 करोड़ 5 लाख रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में मार्शल संगा ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों एमानुएल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा के साथ मिलकर इस अवैध खेती को अंजाम दिया था। इस मामले में थाना तमनार में अपराध क्रमांक 59/2026 के तहत धारा 8(बी) और 18 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी मार्शल संगा पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तमनार और साइबर थाना की संयुक्त टीमों को ओडिशा और झारखंड भेजा गया था। लगातार पीछा करते हुए पुलिस टीम आरोपियों के गृहग्राम तक पहुंची, लेकिन भनक लगने पर आरोपी पहाड़ी क्षेत्र में छिप गए। इसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें जंगल में छिपे एमानुएल भेंगरा को गिरफ्तार कर लिया गया।

इस कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तमनार प्रशांत राव, साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि “ऑपरेशन आघात के तहत मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।” उन्होंने बताया कि रायगढ़ पुलिस अंतरराज्यीय स्तर पर सख्त अभियान चलाकर ऐसे अपराधियों को कानून के दायरे में ला रही है।

इस कार्रवाई से साफ है कि अफीम तस्करी का नेटवर्क संगठित तरीके से संचालित हो रहा था, जिस पर पुलिस लगातार नकेल कस रही है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button