BREAKING NEWS: अमित बघेल गिरफ्तार—26 दिन से थे फरार, मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए करेंगे जमानत की अर्जी

रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल को आज देवेंद्र नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वह सरेंडर करने के लिए पहुंचे थे, लेकिन सरेंडर से ठीक 10 मिनट पहले पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के दौरान बड़ी संख्या में उनके समर्थक मौजूद रहे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कोर्ट और थाने परिसर में पुलिस बल बढ़ाया गया है।
अमित बघेल आपत्तिजनक बयानबाजी से जुड़े मामले में पिछले 26 दिनों से फरार थे। उनके खिलाफ 12 राज्यों में FIR दर्ज है।
इधर शुक्रवार को अमित बघेल की मां का निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर पथरी गांव ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार होगा। जानकारी के अनुसार, बघेल अपनी मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अस्थायी जमानत की अर्जी लगा सकते हैं।
इससे पहले, 26 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने अमित बघेल की अग्रिम जमानत याचिका को सख्त टिप्पणी के साथ खारिज कर दिया था। अदालत ने सुनवाई में कहा था—
“अपनी जुबान पर लगाम रखें। जहां-जहां केस दर्ज हैं, वहां की कानूनी प्रक्रिया का सामना करें। कोई राहत नहीं मिलेगी, कानून अपना काम करेगा।”
घटना से जुड़े सभी बयानों और आगे की कार्रवाई पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है।



