
जगदलपुर/कंधमाल। ओडिशा के कंधमाल जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक करोड़ से ज्यादा के इनामी सेंट्रल कमेटी मेंबर (CCM) गणेश उईके सहित 6 नक्सलियों को मार गिराया है। सभी शवों के साथ हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
गणेश उईके तेलंगाना के नलगोंडा जिले का रहने वाला था और माओवादी संगठन के साउथ सब-जोनल का इंचार्ज था। वह पिछले करीब 40 सालों से नक्सल संगठन से जुड़ा हुआ था और कई अहम जिम्मेदारियां संभाल चुका था।
80 के दशक की शुरुआत में वह जगदलपुर आया था, जहां उसने RSU (रेडिकल स्टूडेंट्स यूनियन) के जरिए कॉलेज और छात्रावासों में युवाओं के बीच माओवादी विचारधारा फैलाने का काम किया। बाद में वह भूमिगत होकर सशस्त्र गतिविधियों में शामिल हो गया।
सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को माओवादी नेटवर्क के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।


