Breaking: बीजापुर में नक्सलियों का महारिकॉर्ड सरेंडर! 66 लाख के इनामी समेत 51 माओवादी हथियार डालकर मुख्यधारा में लौटे

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सरकार की पूना नारगेम योजना और नक्सली पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर कंपनी नंबर-01 के पीपीसीएम और 8 लाख के इनामी नक्सली सहित कुल 51 माओवादियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें 20 कुख्यात नक्सली ऐसे हैं जिन पर कुल 66 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सली विभिन्न फायरिंग, आईईडी ब्लास्ट और आगजनी जैसी गंभीर वारदातों में शामिल रहे हैं। आत्मसमर्पण बीजापुर पुलिस लाइन में कराया गया, जहां सीआरपीएफ डीआईजी बी.एस. नेगी, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव, एएसपी यूलेण्डन यार्क, डीएसपी शरद जायसवाल और उप पुलिस अधीक्षक विनीत साहू मौजूद रहे।
अधिकारियों ने सभी आत्मसमर्पित नक्सलियों को 50-50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की और उन्हें मुख्यधारा में शामिल होकर नया जीवन शुरू करने के लिए प्रेरित किया।
नक्सल मोर्चे पर 2025 का रिपोर्ट कार्ड
◾ 461 माओवादी अब तक आत्मसमर्पण
◾ 485 की गिरफ्तारी
◾ 138 मुठभेड़ों में ढेर
पुलिस का मानना है कि सरकार की पुनर्वास नीति, विकास कार्यों में तेजी और जमीनी स्तर पर बढ़ता विश्वास नक्सलियों को हथियार छोड़ने के लिए मजबूर कर रहा है। बीजापुर में हुआ यह बड़ा आत्मसमर्पण अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



