Breaking: Armed gang raids farmer’s home in Korba : कोरबा में 15 हथियारबंद डकैतों ने किसान के घर की डकैती, बेटी की शादी के पैसे और जेवरात लूटे : परिवार बंधक बनाकर धमकाया

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बालको नगर थाना क्षेत्र के तराईडांड गांव में मंगलवार रात एक किसान शत्रुघ्न दास के घर 15 से अधिक हथियारबंद डकैतों ने धावा बोला। बदमाशों ने परिवार के 11 सदस्यों को बंधक बनाया और निलंबित प्रशासनिक अधिकारी सौम्या चौरसिया के 20-25 लाख रुपए कहां हैं, यह पूछते हुए जान से मारने की धमकी दी।
डकैतों ने घर की तलाशी ली और बेटी की शादी के लिए रखे डेढ़ लाख रुपए कैश और साढ़े 5 लाख रुपए के जेवरात लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित परिवार ने बताया कि डकैत बच्चों पर भी हथियार तान रहे थे। एक बच्ची को कब्जे में लेकर पूरे घर की तलाशी ली गई। डकैत लगातार सौम्या चौरसिया का नाम लेकर उनके पैसे के बारे में पूछते रहे।
शत्रुघ्न दास की बेटी बबीता, जो सौम्या की क्लासमेट रही हैं, पुलिस कार्रवाई के बाद सुरक्षित घर लौट आई। स्थानीय एडिशनल एसपी नीतिश ठाकुर ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और आसपास के गांवों के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।



