Black Magic Suspicion Murder : जादू-टोना के शक में भतीजे ने चाचा की टंगिया से हत्या, मां की मौत का लिया बदला

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में जादू-टोना के शक में भतीजे ने अपने ही चाचा की टंगिया से काटकर हत्या कर दी। आरोपी को शक था कि उसकी मां की मौत जादू-टोना के कारण हुई है, जिसके लिए उसने चाचा को जिम्मेदार माना। पुलिस ने 48 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
मृतक की पहचान कोसा मंडावी (50) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी मुड़ा उर्फ मनकू मंडावी (27) है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की मां सुकड़ी मंडावी की कुछ समय पहले मौत हो गई थी। इसी के बाद से आरोपी को यह भ्रम हो गया कि उसकी मां की मौत जादू-टोना से हुई है और इसके पीछे उसका चाचा जिम्मेदार है।
सिर और कंधे पर किया हमला
घटना 3 फरवरी 2026 की है। आरोपी ने पहले से साजिश रच रखी थी। मौका मिलते ही वह चाचा के घर पहुंचा और टंगिया से सिर व कंधे पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे मौके पर ही कोसा मंडावी की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।
जंगल में छिपा मिला आरोपी
हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव घर के आंगन में खून से लथपथ हालत में मिला। अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ में भतीजे पर शक गहराया।
4 फरवरी को सूचना मिली कि आरोपी ग्राम पोंदुम और जारम के बीच जंगल में छिपा है। इसके बाद पुलिस और डीआरजी की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया।
जुर्म कबूला, हथियार बरामद
पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त टंगिया और खून से सना हाफ नेकर जब्त किया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
ASP आरके बर्मन ने बताया कि जादू-टोना के अंधविश्वास के चलते यह हत्या की गई है और पुलिस ने 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।



