छत्तीसगढ़
Trending

बिलासपुर में बर्ड फ्लू का अलर्ट: प्रशासन ने 22 हजार से अधिक पक्षियों का नष्टीकरण कर फैलाव रोका, 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय

बिलासपुर, 26 मार्च 2026 – जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि होते ही पशु चिकित्सा विभाग ने संक्रमण फैलने से रोकने के लिए त्वरित और व्यापक कदम उठाए हैं। संयुक्त संचालक, पशु चिकित्सा विभाग बिलासपुर के निर्देशन में रैपिड रिस्पांस टीम का गठन कर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल कार्रवाई की गई।

टीम ने संक्रमित एवं संदिग्ध क्षेत्रों में शेष बचे 22,808 पक्षियों, 25,896 अंडों और लगभग 79 क्विंटल दाने का वैज्ञानिक विधि से नष्टीकरण किया, ताकि संक्रमण की श्रृंखला पूरी तरह समाप्त की जा सके। यह कार्रवाई शासन के निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत सावधानीपूर्वक की गई।

जिला प्रशासन ने स्थिति की निरंतर निगरानी के लिए कलेक्टोरेट परिसर में 24 घंटे सक्रिय बर्ड फ्लू कंट्रोल रूम स्थापित किया है। आमजन से अपील की गई है कि बर्ड फ्लू से संबंधित किसी भी सूचना, संदेह या मृत पक्षियों की जानकारी तुरंत कंट्रोल रूम के लैंडलाइन नंबर 07752-251000 पर दें।

संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा विभाग डॉक्टर जीएसएस तंवर ने बताया कि जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है और पशुपालकों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पोल्ट्री फार्मों की निगरानी बढ़ा दी गई है और संक्रमण प्रभावित क्षेत्रों में आवाजाही पर नियंत्रण रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि समय रहते उठाए गए कदमों से बर्ड फ्लू के प्रसार को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। आमजन को घबराने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन सावधानी और जागरूकता बनाए रखना अनिवार्य है।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button