छत्तीसगढ़
Trending

Bilaspur Train Hadsa FIR Registered: बिलासपुर ट्रेन हादसे में दर्दनाक मौतों के बाद FIR दर्ज, छात्रा प्रिया चंद्रा सहित 12 की गई जान — जांच में ट्रेन क्रू मेंबर की लापरवाही उजागर

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के गतौरा स्टेशन के पास मंगलवार को हुए भीषण रेल हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। मेमू ट्रेन मालगाड़ी से जा टकराई थी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा और पुलिस, SDRF व रेलवे की टीमें मलबा हटाने में जुटी रहीं। रेल विभाग ने हादसे में 12 यात्रियों की मौत और 18 के घायल होने की पुष्टि की है।

FIR दर्ज, जांच शुरू

बुधवार को पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत तोरवा थाना में अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, रेलवे अधिकारी द्वारा दी गई सूचना के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र जायसवाल ने बताया कि हादसा तोरवा थाना क्षेत्र में घटित हुआ था और अब मामले की जांच तकनीकी दृष्टि से की जा रही है।

सोशल मीडिया पर हादसे के वीडियो वायरल

इस भीषण टक्कर के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में साफ दिख रहा है कि मेमू ट्रेन की पहली बोगी मालगाड़ी के आखिरी डिब्बे से टकराकर उसके ऊपर चढ़ गई। टक्कर के बाद यात्रियों में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए बोगियों से कूदते नजर आए। यह वीडियो ‘अरपा संदेश’ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है।

कॉलेज स्टूडेंट प्रिया चंद्रा की दर्दनाक मौत

हादसे में जान गंवाने वालों में जांजगीर-चांपा जिले की प्रिया चंद्रा भी शामिल थीं, जो गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, बिलासपुर में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थीं। बुधवार को जब उनका शव गृहग्राम बहेराडीह पहुंचा, तो पूरे गांव में मातम छा गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर छात्रा को श्रद्धांजलि दी।

आर्थिक सहायता का ऐलान

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख और गंभीर रूप से घायलों को ₹50 हजार की सहायता राशि देने की घोषणा की है। सीएम ने वीडियो कॉल के जरिए राहत कार्यों की जानकारी ली और अफसरों को तत्काल मुआवजा वितरण का निर्देश दिया।

कांग्रेस ने कहा — “मुआवजा अपर्याप्त”

राज्य कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मुआवजे की राशि को अपर्याप्त बताते हुए मृतकों के परिजनों को ₹1 करोड़ और घायलों को ₹50 लाख की सहायता देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि “यह राजनीति नहीं, बल्कि पीड़ित परिवारों के हक की बात है। रेलवे की लापरवाही और सरकार की उपेक्षा ने यह दर्दनाक घटना घटाई है।”

घायलों से मिले डिप्टी सीएम

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने आज बिलासपुर के विभिन्न अस्पतालों का दौरा कर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से चर्चा कर इलाज में किसी तरह की कोताही न बरतने के निर्देश दिए। उनके साथ महापौर पूजा विधानी, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसपी रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त अमित कुमार और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल भी मौजूद थे।

प्रारंभिक जांच रिपोर्ट: क्रू मेंबर की गलती

रेलवे की जॉइंट फाइंडिंग रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है कि लोकल ट्रेन के क्रू मेंबर ने डेंजर सिग्नल पार कर दिया था। प्राथमिक जांच में यही लापरवाही हादसे का कारण मानी जा रही है। अब कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी (CRS) स्तर की जांच कमेटी गठित कर दी गई है, जो विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगी।

👉 Bilaspur Train Hadsa FIR Registered: इस हादसे ने एक बार फिर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजरें CRS जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे हादसे की सच्चाई पूरी तरह सामने आएगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button