छत्तीसगढ़

Bilaspur Train Accident: 23 दिन बाद घायल ALP रश्मि राज का बयान, CRS ने अस्पताल में पूछताछ

बिलासपुर। गेवरा-बिलासपुर मेमू ट्रेन हादसे के 23 दिन बाद रेलवे के मुख्य सुरक्षा आयुक्त (CRS) बीके मिश्रा कोलकाता से दोबारा बिलासपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रेलवे अस्पताल जाकर सस्पेंड असिस्टेंट लोको पायलट (ALP) रश्मि राज का बयान दर्ज किया। हादसे के वक्त रश्मि राज ट्रेन में मौजूद थीं और गंभीर रूप से घायल हुई थीं। पहले उनका इलाज अपोलो अस्पताल में हुआ था, बाद में उन्हें रेलवे अस्पताल शिफ्ट किया गया।

CRS ने बुधवार सुबह करीब दो घंटे तक रश्मि राज से पूछताछ की। पूछताछ में क्या बातें सामने आईं, इसे अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है। रश्मि राज का बयान पहले दर्ज न होने के कारण CRS पहली बार अब उनसे पूछताछ कर पाए हैं।

पहले भी 50 से ज्यादा अधिकारियों से पूछताछ

CRS बीके मिश्रा ने इससे पहले भी बिलासपुर में तीन से चार दिनों तक कैंप कर 50 से ज्यादा अधिकारी-कर्मचारियों के बयान दर्ज किए थे। हादसे में लोको पायलट विद्यासागर सहित 12 लोगों की मौत हुई थी और 20 से अधिक यात्री घायल हुए थे।

इस बार अस्पताल में ALP का बयान लेने के बाद CRS ने मंडल कार्यालय पहुंचकर कुछ अन्य अधिकारियों से भी पूछताछ की। माना जा रहा है कि जांच रिपोर्ट अंतिम चरण में है और जल्द ही हादसे की रिपोर्ट सामने आ सकती है।

प्रिंसिपल चीफ सेफ्टी ऑफिसर पहले ही कर चुके हैं पूछताछ

इस मामले में रेलवे के प्रिंसिपल चीफ सेफ्टी ऑफिसर पहले ही रश्मि राज का बयान ले चुके थे। उनके अनुसार ALP की ओर से भी लापरवाही सामने आई थी, जिसके बाद उन्हें सस्पेंड कर दिया गया।

रश्मि राज ने बताया था कि हादसे से ठीक पहले एडवांस सिग्नल ‘सिंगल यलो’ था और स्टेशन मास्टर ने अगला सिग्नल क्लियर बताया था। ट्रेन आगे बढ़ रही थी, तभी लोको कैब में लगा सनलाइट पर्दा अचानक गिर गया। पर्दा हटाते ही ट्रैक पर खड़ी मालगाड़ी दिखाई दी। इमरजेंसी ब्रेक लगाए गए, लेकिन ट्रेन नहीं रुकी और जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे में 12 यात्रियों की मौत

4 नवंबर को कोरबा से बिलासपुर जा रही पैसेंजर ट्रेन तेज रफ्तार से गतौरा स्टेशन के पास कोयला लोडेड मालगाड़ी से टकरा गई थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पैसेंजर ट्रेन का इंजन मालगाड़ी के वैगन पर चढ़ गया।
हादसे में लोको पायलट विद्यासागर सहित 12 यात्रियों की मौत हो गई थी और 19 घायल हुए थे। ALP रश्मि राज भी गंभीर रूप से घायल हुई थीं।

CRS की जांच जारी है और रिपोर्ट जल्द आने की संभावना है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button