Bilaspur News: मोबाइल चलाने से मना किया तो 9वीं की छात्रा ने अरपा नदी में कूदकर दे दी जान, बहन और पिता के सामने लगाई छलांग

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मोबाइल चलाने से मना करने पर 9वीं की छात्रा ने अरपा नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना रात करीब 1.30 बजे की है। बताया जा रहा है कि छात्रा देर रात तक मोबाइल चला रही थी, जिसे बहन ने मना किया। इस पर गुस्से में वह घर से निकलकर दौड़ते हुए अरपा नदी पहुंची और छलांग लगा दी।
मिली जानकारी के मुताबिक, राजकिशोर नगर स्थित ब्रम्हाकुमारी आश्रम के पीछे रहने वाले अरुण कठौते प्राइवेट जॉब करते हैं। उनकी छोटी बेटी अदिति कठौते (14) रात करीब 1.30 बजे तक मोबाइल देख रही थी। बड़ी बहन चेतना ने उसे मना किया और सोने के लिए कहा। इस बात पर अदिति नाराज होकर घर से बाहर भागी और सीधे अरपा नदी स्थित छठघाट पहुंच गई।
बहन चेतना और पिता अरुण कठौते उसे रोकने के लिए पीछे-पीछे दौड़े और चिल्लाकर आवाज लगाई, लेकिन अदिति नहीं रुकी। देखते ही देखते उसने उनके सामने ही नदी में छलांग लगा दी।
रात के अंधेरे में दो युवकों ने बचाने की कोशिश की
घटना के बाद चेतना ने शोर मचाकर लोगों से मदद मांगी। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जुट गई। दो युवकों ने नदी में उतरकर अदिति को बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई ज्यादा होने से वे आगे नहीं जा सके।
लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्या और एएसआई देवेंद्र तिवारी मौके पर पहुंचे, लेकिन देर रात होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन संभव नहीं हो सका।
सुबह SDRF टीम ने निकाला शव
मंगलवार सुबह पुलिस और SDRF टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे की तलाशी के बाद छात्रा का शव नदी से बरामद किया गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
सरकंडा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
📍 घटना स्थल: अरपा नदी, छठघाट, बिलासपुर
📅 समय: सोमवार रात 1.30 बजे
👧 मृतका: अदिति कठौते (14), कक्षा 9वीं की छात्रा



