बिलासपुर: खिड़की के रोशनदान में लटकी मिली युवती की लाश, 3 दिन पहले घर छोड़कर प्रेमी के साथ रह रही थी

बिलासपुर। जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मस्तूरी क्षेत्र के मल्हार निवासी एक युवती तीन दिन पहले घर से निकली थी और धनगंवा में रहने वाले अपने प्रेमी के घर पहुंच गई थी। शुक्रवार सुबह उसकी लाश प्रेमी के घर के एक कमरे के रोशनदान में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, मल्हार की रहने वाली युवती मंगलवार को मेला देखने जाने की बात कहकर घर से निकली थी। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। इसी बीच धनगंवा निवासी उसके प्रेमी राजू लहरिया ने फोन कर बताया कि युवती उसके घर पर है और परिजनों से उसे वापस ले जाने को कहा। परिजनों ने घर छोड़कर जाने की बात कहते हुए उसे लाने से इनकार कर दिया।
बताया जा रहा है कि युवती दो दिनों से प्रेमी के घर पर ही रह रही थी। शुक्रवार सुबह घर के एक कमरे में उसका शव रोशनदान में फांसी के फंदे से लटका मिला। इसकी सूचना आसपास के लोगों और कोटवार को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही युवती के परिजन धनगंवा पहुंच गए और प्रेमी व उसके परिवार पर हत्या का आरोप लगाते हुए तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। पुलिस ने समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया और जांच शुरू कर दी है।
मामले में पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।



