Bilaspur Crime News: पूर्व उपसरपंच के अंधे कत्ल का पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर जिले में पूर्व उपसरपंच सूर्यप्रकाश बघेल की रहस्यमयी हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। करीब चार दिन से लापता चल रहे सूर्यप्रकाश की लाश 5 दिसंबर को भैंसाझार के जंगल में खून से सनी हालत में मिली थी। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों रंजीत खाण्डे और सुधीर खाण्डे को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
4 दिसंबर को परिवार ने सूर्यप्रकाश बघेल की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। अगले दिन जंगल में संदिग्ध हालात में उनकी लाश मिली, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ में सामने आया कि मृतक का रंजीत और सुधीर खाण्डे से पुराना विवाद चल रहा था। विवाद के चलते दोनों आरोपी तीन महीने पहले गांव से अलग होकर रहने लगे थे।
आरोपियों ने कबूल किया जुर्म
पुलिस ने दोनों संदेहियों को अभिरक्षा में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने सूर्यप्रकाश की हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने पुरानी रंजिश के कारण लोहे के पाइप और लकड़ी के बेंत से वार कर हत्या करना कबूल किया है।
पुलिस ने आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, लोहे का पाइप और लकड़ी का बेंत बरामद कर लिया है। दोनों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।



