छत्तीसगढ़

बीजापुर: नेशनल पार्क एरिया में सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता, 6 नक्सली ढेर — मोस्ट वांटेड उर्मिला और बूच्चना भी मारे गए

Bijapur News: बीजापुर में जारी लाल आतंक पर एक और बड़ा प्रहार हुआ है। सोमवार को नेशनल पार्क एरिया में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 6 नक्सली ढेर कर दिए गए। मारे गए नक्सलियों में महिला उर्मिला, जो मोस्ट वांटेड नक्सली कमांडर पापा राव की पत्नी बताई जा रही है, भी शामिल है। इसके अलावा मद्देड़ एरिया कमेटी का इंचार्ज बूच्चना के मारे जाने की भी पुष्टि हुई है। सुरक्षा बलों ने सभी शव बरामद कर लिए हैं।

डीआरजी और एसटीएफ का संयुक्त ऑपरेशन

यह मुठभेड़ बीजापुर के नेशनल पार्क इलाके में हुई, जहां डीआरजी (DRG) और एसटीएफ (STF) के जवानों की संयुक्त टीम ने नक्सलियों के ठिकानों पर सर्च अभियान चलाया। सुबह करीब 10 बजे से चली इस कार्रवाई में भारी गोलीबारी हुई। पुलिस ने बताया कि कुछ नक्सली भागकर तारलागुडा मार्ग की ओर भी निकले थे, जिनकी तलाश जारी है।

भारी मात्रा में हथियार बरामद

मुठभेड़ स्थल से ऑटोमैटिक हथियार, इंसास राइफल, स्टेनगन, .303 रायफल, विस्फोटक सामग्री और अन्य माओवादी साहित्य बरामद किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह ऑपरेशन बस्तर अंचल में हाल के महीनों की सबसे बड़ी नक्सल विरोधी सफलता मानी जा रही है।

अभियान जारी, अतिरिक्त बल रवाना

बीजापुर पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने बताया कि “अभियान अभी भी जारी है। भागे हुए नक्सलियों की घेराबंदी के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे गए हैं।”
वहीं, बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी. ने इस ऑपरेशन को सुरक्षा बलों की निर्णायक सफलता बताया और कहा कि “माओवादी संगठन अब नेतृत्वविहीन और मनोबलहीन स्थिति में अपने सीमित ठिकानों तक सिमट चुका है।”

“अंतिम सांसें गिन रहा नक्सलवाद” — मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

इस बड़ी सफलता पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर सुरक्षाबलों को बधाई दी। उन्होंने लिखा —

“लाल आतंक के विरुद्ध जारी है अभियान, खत्म हो रहा नक्सलवाद।
आज बीजापुर में छत्तीसगढ़ पुलिस की डीआरजी और एसटीएफ की संयुक्त टीम की नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में अब तक 6 नक्सली न्यूट्रलाइज किए गए हैं।
यह लाल आतंक के समूल नाश की दिशा में सुरक्षाबल के जवानों की बड़ी सफलता है।”

अधिकारियों ने बताया कि कल सुबह सभी नक्सलियों के शव जिला मुख्यालय लाए जाएंगे, और ऑपरेशन पूर्ण होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट जारी की जाएगी।

📍 बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ यह सफलता सुरक्षा बलों के बढ़ते मनोबल और सरकार की सख्त नीति का संकेत मानी जा रही है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button