आयुष्मान ऊर्जा की ओर बड़ा कदम: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने IISD–स्वनिति इनिशिएटिव की रिपोर्ट का किया विमोचन, कोयला क्षेत्रों में ‘जस्ट ट्रांज़िशन’ पर जोर

रायपुर, 12 दिसंबर 2025।राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय संस्था इंटरनेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ सस्टेनेबल डेवलपमेंट (IISD) और स्वनिति इनिशिएटिव के शोधकर्ताओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनकी महत्वपूर्ण अध्ययन रिपोर्ट “मैपिंग इंडियाज स्टेट लेवल एनर्जी ट्रांज़िशन: छत्तीसगढ़” का औपचारिक विमोचन किया।
बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य में नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार, ऊर्जा सुरक्षा और सतत विकास को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सौर ऊर्जा, हरित हाइड्रोजन और ऊर्जा दक्षता आधारित नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
शोधकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को भारत के 52 कोयला उत्पादक जिलों की ‘एनर्जी ट्रांज़िशन वल्नरेबिलिटी इंडेक्स’ प्रस्तुत किया। इस इंडेक्स के माध्यम से पारंपरिक कोयला क्षेत्रों में ‘जस्ट ट्रांज़िशन’—अर्थात आर्थिक, सामाजिक और पर्यावरणीय रूप से न्यायपूर्ण बदलाव—की आवश्यकता पर विशेष प्रकाश डाला गया। इसमें पुराने कोयला बेल्ट में भविष्य की चुनौतियों, रोजगार ढांचे में बदलाव, तथा वैकल्पिक आजीविका के अवसरों का विस्तृत आकलन शामिल है।
मुख्यमंत्री ने इस अध्ययन को राज्य की ऊर्जा नीतियों के लिए महत्वपूर्ण बताया और कहा कि सरकार कोयला क्षेत्रों में संतुलित एवं न्यायसंगत बदलाव सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस कदम उठा रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और ऊर्जा विभाग के सचिव रोहित यादव उपस्थित थे।



